राष्ट्रपति आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
कुछ ही समय में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर संबंधित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात नजर आ रहा है। कई पुलिसकर्मी कड़ी धूप में छाते के सहारे ड्यूटी निभाते दिखाई दिए।
तैयारियां जारी, कुछ जगहों पर दिखी अव्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर जहां एक ओर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं कुछ जगहों पर अव्यवस्था भी देखने को मिली। पैदल मार्ग के लिए लगाए गए छांव के कपड़े (टेंट) कई स्थानों पर टूटे-फूटे नजर आए, जिससे व्यवस्था पर सवाल भी उठे।
स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी, धूप में भी उत्साह बरकरार
कड़ी धूप के बावजूद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हैं। बच्चों में राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
सांस्कृतिक स्वागत की भव्य तैयारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत ओडिया और आदिवासी परंपरा के नृत्य एवं संगीत के साथ किया जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध ओडिया गीत “रंगबती” पर स्कूली बच्चों द्वारा विशेष नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी की गई है।


