SECL Retirement Bilaspur : एसईसीएल मुख्यालय के 5 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पहार से सम्मानित कर सेवानिवृत्ति संबंधी समस्त भुगतान का चेक प्रदान किया गया।

शीर्ष प्रबंधन की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह

मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई विदाई

समारोह में प्रसन्न कुमार निगम (मुख्य प्रबंधक-खनन, योजना-परियोजना विभाग), सनत कुमार तिवारी (मुख्य प्रबंधक-खनन, खान सुरक्षा एवं बचाव विभाग), राकेश कुमार सरकार (कार्यालय अधीक्षक-ए1, कंपनी सचिव सचिवालय), सूर्यकांत पाण्डेय (कार्यालय अधीक्षक, केंद्रीय आवक-जावक विभाग) तथा रामजी पाण्डेय (सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक, सुरक्षा विभाग) को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।

कर्मचारियों के योगदान को बताया अमूल्य

एसईसीएल के शीर्ष प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की मेहनत, कार्यकुशलता और समर्पण से ही कंपनी सफलता के वर्तमान मुकाम तक पहुंची है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रबंधन ने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल पारिवारिक जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।

सेवानिवृत्त कर्मियों ने जताया आभार

सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एसईसीएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां कार्य के प्रति समर्पण और टीम भावना हमेशा प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि कंपनी में अधिकारी और कर्मचारी मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, जिससे बेहतर कार्य संस्कृति विकसित हुई है।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने किया।

Advertisement
Share This Article