विद्यालय विकास, रिक्त पदों की पूर्ति और आधारभूत सुविधाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी, रायगढ़ में बुधवार को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) की प्रथम बैठक आयोजित की गई। शासन के निर्देशानुसार गठित समिति के 16 सदस्यों की उपस्थिति में विद्यालय के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति का परिचय और अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद शाला परिवार ने समिति के अध्यक्ष दिलीप कसेरा, उपाध्यक्ष राजकुमारी नाग, सचिव एवं प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव, वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अमित शर्मा, वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थी गुलाम रहमान, प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी तथा अन्य सदस्यों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक में 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए शिक्षाविद् लोकनाथ सिदार का भी शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया। इस दौरान उनके शैक्षणिक योगदान पर प्रकाश डाला गया।
विद्यालय की आवश्यकताओं पर हुई चर्चा
कार्यक्रम प्रभारी एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने विद्यालय की प्रमुख आवश्यकताओं को समिति के समक्ष रखा। इनमें हिंदी, संस्कृत, वाणिज्य, भौतिक शास्त्र और राजनीति शास्त्र के रिक्त पदों की पूर्ति, कार्यालयीन कर्मचारियों की नियुक्ति, अतिरिक्त भवन निर्माण, जर्जर शौचालय का हटाया जाना, सबमर्सिबल पंप स्थापना, सांस्कृतिक मंच पर शेड, वाहन पार्किंग, भवन मरम्मत, फर्नीचर सुधार तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
जनप्रतिनिधियों ने सहयोग का दिया भरोसा
वार्ड पार्षद अमित शर्मा सहित समिति के सदस्यों ने विद्यालय विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थी गुलाम रहमान ने विद्यालय में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए शाला हित में सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सेवानिवृत्त शिक्षाविद् लोकनाथ सिदार ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रवेश बढ़ाने की अपील
प्रभारी प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने विद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्षेत्र के अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश चांदमारी विद्यालय में कराने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन इरयल टोप्पो ने किया। बैठक में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




