Batoili Murder Case : रुपये के विवाद में पिता की गला घोंटकर हत्या, बेटी-दामाद गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

मोटरसाइकिल की किश्त के लिए रुपये मांगने को लेकर हुआ विवाद, बतौली पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की किश्त के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

रुपये मांगने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को बासाझाल बालापानी निवासी लोहर साय कोरवा अपनी बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा के घर पहुंचा था। आरोप है कि मोटरसाइकिल की किश्त चुकाने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आवेश में आकर दोनों ने गमछे (साफी) से गला घोंट दिया और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे लोहर साय की मौत हो गई।

साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश

मामले की सूचना मिलने पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल पर गिरे खून के निशानों को गोबर से लीपकर मिटाने का प्रयास किए जाने के साक्ष्य मिले। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद डॉक्टरों ने मौत को हत्यात्मक बताया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी बंधन कोरवा (40 वर्ष) और सोन कुंवारी (35 वर्ष) ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में बतौली पुलिस ने मामले की त्वरित जांच की। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, एएसआई अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे तथा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article