Sarangarh News : धान की फसल देखने खेत पहुंचे किसान की करंट लगने से मौत, मेड़ पर टूटा पड़ा था LT बिजली का तार

Advertisement

सारंगढ़। सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम छर्रा में खेत में लगी धान की फसल देखने पहुंचे एक किसान की बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत की मेड़ पर एलटी बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था। इसी तार के संपर्क में आने से किसान की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

फसल देखने खेत पहुंचे थे किसान

मिली जानकारी के अनुसार, किसान बाबूलाल साहू (55 वर्ष), पिता रतन साहू, निवासी ग्राम छर्रा, रोज की तरह अपनी धान की फसल देखने खेत पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह करीब 8 बजे खेत पहुंचे थे। इसी दौरान खेत की मेड़ पर टूटकर गिरा एलटी बिजली का तार उनके संपर्क में आ गया और वे करंट की चपेट में आ गए।

तलाश करने पहुंचे परिजनों को खेत में मिला शव

काफी देर तक बाबूलाल साहू के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी खोजबीन करने निकले। खेत पहुंचने पर उन्होंने उन्हें बिजली करंट की चपेट में पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मृतक की पहचान बाबूलाल साहू, पिता रतन साहू, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी ग्राम छर्रा, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सारंगढ़ कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रिपोर्टर : गौतम बंजारे

Share This Article