रायगढ़। भाजपा की ओर से हाल ही में निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और उसमें दिए गए बयानों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, रायगढ़ ने पलटवार किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने भाजपा पर जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की स्थिति पर जवाब देने के बजाय भाजपा राजनीतिक आयोजनों के जरिए माहौल बनाने में जुटी है।
महंगाई और बेरोजगारी पर जवाब मांगे कांग्रेस
तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और प्रभावित विकास कार्यों जैसी समस्याओं से जूझ रही है। रसोई गैस, ईंधन और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोग परेशान हैं। इसके बावजूद इन मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक पदयात्राएं और बयानबाजी की जा रही है।
भाजपा के आरोपों को बताया निराधार
कांग्रेस प्रवक्ता ने पदयात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी पर लगाए गए आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतांत्रिक परंपराओं, आपसी भाईचारे और संविधान की मजबूती के लिए काम किया है। उनके अनुसार, देश की प्रमुख स्वतंत्र संस्थाओं की नींव कांग्रेस के शासनकाल में मजबूत हुई, जबकि वर्तमान में उन्हें कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राजनीतिक नारों से नहीं बदलेगी जमीनी हकीकत
डनसेना ने कहा कि केवल बयानबाजी और राजनीतिक नारों के जरिए जमीनी समस्याओं से लोगों का ध्यान नहीं हटाया जा सकता। रायगढ़ की जनता भाजपा के राजनीतिक आयोजनों और उनके पीछे की मंशा को समझती है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब खोखले नारों के झांसे में आने वाली नहीं है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जनता के वास्तविक मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े सवालों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।
— तारेन्द्र डनसेना
प्रवक्ता, जिला कांग्रेस कमेटी, रायगढ़ (छत्तीसगढ़)


