मजदूरी बढ़ाने की मांग पर सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, 500 रुपये दैनिक वेतन नहीं तो काम बंद की चेतावनी

Advertisement

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय क्षेत्र की रेलवे कॉलोनियों में सफाई कार्य करने वाले कर्मचारियों ने सोमवार सुबह ठेका कंपनी गौरव इंटरप्राइजेज के खिलाफ मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन किया। करीब 60 से 65 पुरुष और महिला सफाई कर्मियों ने सुबह 6 बजे से 9 बजे तक काम बंद कर प्रदर्शन किया। बाद में कंपनी के सुपरवाइजर के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त कर कर्मचारी काम पर लौटे।

250 रुपये मजदूरी पर जताई नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का आरोप है कि उन्हें प्रतिदिन केवल 250 रुपये मजदूरी दी जा रही है, जो सरकारी तय दर से काफी कम है। कर्मचारियों ने कहा कि वे रोजाना 8 घंटे तक काम करते हैं, रेलवे कॉलोनियों की सफाई व्यवस्था संभालते हैं और छुट्टी के दिन भी ड्यूटी करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि लगातार निरीक्षण और अधिकारियों के निर्देशों के बीच दिन-रात मेहनत करने के बावजूद उचित मेहनताना नहीं मिल रहा है।

500 रुपये मजदूरी की मांग, नहीं तो काम बंद

सफाई कर्मियों ने ठेका एजेंसी से 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे दोबारा काम बंद आंदोलन करेंगे।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी मजदूरी बढ़ाने की बात की जाती है, तो एजेंसी की ओर से नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।

मानदेय बकाया होने का भी आरोप

कर्मचारियों ने बताया कि दिसंबर 2025 से काम शुरू करने वाले कुछ कर्मचारियों का दिसंबर और जनवरी माह का भुगतान अब तक लंबित है। उन्होंने मांग की कि हर महीने की 10 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

सुपरवाइजर ने दिया आश्वासन

कंपनी के सुपरवाइजर अंकित सिंह ने बताया कि कर्मचारियों का मानदेय छह महीने की सेवा पूरी होने के बाद तय किया जाएगा और इस संबंध में एजेंसी अधिकारियों से बातचीत हुई है। हालांकि मजदूरी कितनी बढ़ेगी, इस पर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

Share This Article