रायगढ़। ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड स्थित एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस में मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कार विवाद से शुरू हुआ मामला, ऑफिस में घुसकर हमला
पुलिस के अनुसार, कैदीमुड़ा निवासी उपेंद्र सिंह (60 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 अप्रैल की शाम वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़ी कार को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित जब बचने के लिए अपने ऑफिस पहुंचे, तो आरोपी वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की, तोड़फोड़ की और एक कर्मचारी का मोबाइल छीन लिया।
डेढ़ लाख रुपये नकद लूटने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कैश काउंटर से हिसाब-किताब की डायरी और करीब 1.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद जूटमिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पांच आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस जांच में पांच आरोपियों—
- शिवा पटेल उर्फ विक्की
- सुखसागर सारथी उर्फ सागर
- मनोज सारथी
- लोकेश्वर साहू
- गणेश दास महंत उर्फ नानु
को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथी टिकम और किशन महंत के साथ वारदात करना स्वीकार किया है।
लूटी रकम में सिर्फ 370 रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से केवल 370 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि भागने के दौरान कुछ रुपये गिर गए और बाकी रकम खर्च कर दी गई।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “लूट, हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं है। ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”


