राउरकेला। हनुमान वाटिका चौक पर वाहन जांच के दौरान पिकअप चालक से कथित रूप से पैसे मांगने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक फैसल खान ने राउरकेला RTO पुलिस के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए रघुनाथपल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दस्तावेज दिखाने के बाद भी पैसे मांगने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, वाहन जांच के दौरान उसने अधिकारियों को वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज दिखाए थे। इसके बावजूद मोबाइल यूनिट के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर 500 रुपये खर्चे के नाम पर मांगे गए।
रुपये देने से मना करने पर थप्पड़ मारने का आरोप
फैसल खान का आरोप है कि जब उसने 500 रुपये देने से इनकार किया तो मोबाइल यूनिट में तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारा। साथ ही अधिकारियों द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
थाने पहुंचकर की शिकायत
घटना के बाद पीड़ित रघुनाथपल्ली थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उसने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पक्ष का आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। शिकायत की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



