रायगढ़, 31 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका दो दिवसीय प्रवास पर आज रायगढ़ पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा बैठक में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल शुक्रवार को रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। रायगढ़ पहुंचने के बाद दोपहर में विश्राम करेंगे। इसके पश्चात शाम 4 बजे कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन कक्ष में आयोजित जिला एवं विकासखंड स्तरीय चर्चा बैठक में शामिल होंगे।
बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी। बैठक के बाद राज्यपाल पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
राज्यपाल रमेन डेका 1 अगस्त शनिवार को सुबह 11 बजे ओपी जिंदल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर वे स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे।
रायपुर के लिए होंगे रवाना
दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल दोपहर में सड़क मार्ग से रायगढ़ से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।


