रेलवे सुरक्षा बल (SECR) का “ऑपरेशन नारकोस” तेज, 4.56 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

By
Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सामाजिक दायित्वों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियानों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन नारकोस” के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी रोकथाम करते हुए कई तस्करों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की जब्ती की गई है।

ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सख्त निगरानी

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यात्री ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान के लिए तीनों मंडलों—बिलासपुर, रायपुर और नागपुर—में स्पेशल टास्क टीम गठित की गई है। साथ ही CIB (Crime Intelligence Branch) और SIB (Special Intelligence Branch) को सक्रिय कर इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई की जा रही है।

2025 और 2026 में बड़ी सफलता

रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार वर्ष 2025 में “ऑपरेशन नारकोस” के तहत कुल 63 मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 713.522 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1.70 करोड़ रुपये है।

वहीं वर्ष 2026 में अब तक 38 मामलों में 60 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 572.729 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इस प्रकार दोनों वर्षों को मिलाकर अब तक कुल 4.56 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है तथा 138 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रमुख ट्रेनों पर विशेष फोकस

ऑपरेशन के तहत उड़ीसा की ओर से आने वाली प्रमुख ट्रेनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें 12843 पुरी–अहमदाबाद एक्सप्रेस, 18477 उत्कल एक्सप्रेस, 12807 समता एक्सप्रेस, 58213 टिटलागढ़–बिलासपुर पैसेंजर और 12994 पुरी–गांधीधाम एक्सप्रेस शामिल हैं।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इन रूटों पर लगातार सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Advertisement
Share This Article