नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने कर्मचारियों के हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए 30 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी कर्मचारियों को कुल 14 करोड़ 32 लाख 80 हजार 337 रुपये की सेटलमेंट राशि प्रदान की गई।
सेवानिवृत्ति के दिन मिला पूरा भुगतान
अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में मंडल रेल परिवार के 30 सदस्यों को सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कर्मचारियों को सेटलमेंट राशि के साथ परिचय पत्र, एफआईसी कार्ड, कैलकुलेशन शीट, सेवा प्रमाण-पत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), समरी शीट और सेवा-पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी उपलब्ध कराया गया।
रेल सेवा में योगदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कर्मचारियों से सेटलमेंट राशि का उपयोग भविष्य की योजनाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करने की अपील की।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
समारोह में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती स्वेता एच.के. छोरिया, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वैभव दहिवले, सहायक कार्मिक अधिकारी राजेश प्रसाद सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने कहा कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी देयों का भुगतान सुनिश्चित करने की परंपरा आगे भी जारी रहेगी, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा और सुविधा मिल सके।




