रायगढ़, 17 जून 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत तमनार पुलिस ने ग्राम कोडकेल में दबिश देकर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश
दिनांक 16 जून 2026 को थाना तमनार प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को सूचना मिली थी कि ग्राम कोडकेल निवासी शंकर भगत अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री के लिए रखे हुए है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी।
बाड़ी में छिपाकर रखी थी शराब
पुलिस जांच के दौरान आरोपी ने पूछताछ में शराब बिक्री की बात स्वीकार की। उसने अपने घर की बाड़ी में छिपाकर रखे प्लास्टिक बोरे से दो जरीकेन (प्रत्येक 5 लीटर) निकाले, जिनमें कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी।
गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और शराब को विधिवत जब्त किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी शंकर भगत (28 वर्ष), निवासी ग्राम कोडकेल, थाना तमनार के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) व 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह सिदार और रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




