रायगढ़: “अभियान संवेदना” के तहत महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में संचालित “अभियान संवेदना” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप

थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र की 22 वर्षीय पीड़िता ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान फरवरी 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी (निवासी जशपुर) से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा दिया और भरोसा जीतकर संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार 23 जुलाई 2025 को आरोपी ने उसे तराईमाल बुलाकर मजदूर क्वार्टर में रखा और शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी लगातार दैहिक शोषण करता रहा।

गर्भवती होने के बाद मुकरा आरोपी, धमकी देने का आरोप

अगस्त 2025 में पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने जिम्मेदारी से बचते हुए उसे घर भेज दिया। इसके बाद भी वह संपर्क में रहा और विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में उसने पहली पत्नी का हवाला देते हुए संबंध से इनकार कर दिया और कथित तौर पर धमकी भी दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 141/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने संबंध की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article