रायगढ़। संकुल केंद्र चांदमारी अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सुचारू संचालन एवं शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने की। इसमें संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं सभी शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों की उपस्थिति रही।
नए सत्र के संचालन और शाला प्रवेश उत्सव की तैयारी पर चर्चा
बैठक में आगामी सत्र के प्रभावी संचालन, शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों तथा विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षकों को विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भवन की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था और रंग-रोगन कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शैक्षणिक गुणवत्ता और नामांकन पर विशेष फोकस
बैठक में (शैक्षणिक गुणवत्ता), (शाला प्रवेश), (यू-डाइस प्रगति), (अपार आईडी), (छात्रवृत्ति), (नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण) और 100 प्रतिशत नामांकन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही “उल्लास नवभारत साक्षरता”, वार्षिक कार्य योजना, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
शिक्षकों को दिए गए निर्देश
संकुल प्राचार्य ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियों को बेहतर समन्वय के साथ संचालित किया जाए और विद्यार्थियों की निरंतर प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिक्षकों से विद्यालय की समस्याओं और सुधार हेतु सुझाव भी लिए गए।
बैठक का समापन नए शैक्षणिक सत्र के सफल संचालन के लिए शुभकामनाओं के साथ किया गया।




