एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लगाया पीपल का पौधा, जिलेभर के थाना-चौकियों में हुआ सामूहिक वृक्षारोपण
रायगढ़। राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्ध भारत के निर्माण के संदेश के साथ रायगढ़ पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ की शुरुआत की। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
उर्दना फायरिंग रेंज में एसएसपी ने किया अभियान का शुभारंभ
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस फायरिंग रेंज उर्दना में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नीम, जामुन, सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। पौधों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा घेरा भी तैयार किया गया, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हो सकें।
जिले के सभी थाना-चौकियों में लगाए गए पौधे
Ekta Vriksharopan Abhiyan केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकियों में पुलिस कर्मियों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
वर्षभर होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एकता दौड़, एकता परेड, व्याख्यान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, श्रमदान और जनजागरूकता अभियान शामिल हैं।
पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण के लिए पुलिस की पहल
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधे भी सुरक्षित हैं और लगातार विकसित हो रहे हैं। इस वर्ष प्रारंभिक चरण में करीब 100 पौधों का रोपण किया गया है। सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस राष्ट्रीय एकता का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्र की एकता और भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।






