Raigarh Police News : आत्मानंद स्कूल में साइबर, महिला और यातायात सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिए सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश

Advertisement
Advertisement

एसएसपी शशि मोहन सिंह की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में साइबर अपराध, पॉक्सो कानून, हेलो सिस्टर हेल्पलाइन और सड़क सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी।

विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

रायगढ़। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा विषयों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, पॉक्सो कानून तथा सुरक्षित यातायात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

महिला प्रधान आरक्षक रेनु मंडावी सिंह ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान, ऑनलाइन ठगी, वीडियो कॉल, निजी फोटो-वीडियो साझा करने और डिजिटल लेन-देन से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी

सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे ने छात्र-छात्राओं को बेड टच, छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112, ‘हेलो सिस्टर’ हेल्पलाइन (9479270533) तथा पुलिस कंट्रोल रूम की जानकारी देते हुए बताया कि बिना थाना पहुंचे भी पुलिस से सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही पॉक्सो एक्ट और महिला-बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प

यातायात प्रभारी निरीक्षक रोहित बंजारे और उप निरीक्षक संध्या कोका ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। उन्होंने हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया।

डीएसपी ने आत्मविश्वास और सुरक्षा पर दिया जोर

डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा को सहन नहीं करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की। साथ ही नए आपराधिक कानूनों और त्वरित न्याय प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के जोखिमों और महिला सुरक्षा के अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। रायगढ़ पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाती रहेगी।

Advertisement
Share This Article