ग्राम एकताल में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 50 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घर की बाड़ी में चल रहा था अवैध शराब निर्माण और बिक्री का कारोबार
पुलिस को सूचना मिली थी कि चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम एकताल स्कूलपारा निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 मई को मौके पर दबिश दी।

रेड कार्रवाई में 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी संदीप चौहान पिता सत्यनारायण चौहान (26 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्लियों में रखी कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इनमें एक झिल्ली में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
जांच के दौरान आरोपी शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शराब और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
“नशे और अवैध कारोबार पर लगातार होगी कार्रवाई” — एसएसपी शशि मोहन सिंह
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।


