बरकानी गांव में आज ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कड़कती धूप के बीच आरएसपी (RSP) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल रहे, जिन्होंने अपनी जमीन बचाने और न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
दशकों से हक की लड़ाई लड़ रहे ग्रामीण, जमीन अधिग्रहण का लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि आरएसपी द्वारा उनकी जमीन छीनी जा रही है। उनका कहना है कि वे कई वर्षों से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन उनकी पुश्तैनी जमीन लेने से पहले उन्हें जमीन के बदले जमीन दी जानी चाहिए।
भीषण गर्मी में सड़क पर उतरे बच्चे और बुजुर्ग, प्रशासन से लगाई गुहार
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों को उठाते नजर आए। कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।
“हम विकास के खिलाफ नहीं, अपने अधिकार के पक्ष में हैं” — ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि विस्थापन की स्थिति में उन्हें उचित पुनर्वास और जमीन का विकल्प दिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


