अवैध शराब कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की सख्ती, “ऑपरेशन आघात” में बड़ी सफलता, 3 आरोपी दबोचे गए

Advertisement

कोतरारोड़, जोबी और कोतवाली क्षेत्र में ताबड़तोड़ रेड, नंदेली से बर्रा तक अवैध शराब कारोबार पर चला पुलिस का डंडा

रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर एक ही दिन में 100 लीटर से अधिक कच्ची एवं हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में महिला सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ग्राम नंदेली में 70 लीटर महुआ शराब जब्त, मौके से ग्राहक भागे

थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम नंदेली में पुलिस ने सकुंतला सारथी के घर दबिश दी। प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी एवं निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को देखकर शराब खरीदने पहुंचे लोग मौके से भाग निकले।

तलाशी के दौरान आरोपिया के कब्जे से लगभग 70 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है। शराब बिक्री और निर्माण से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जोबी क्षेत्र में खेत के पास बन रही थी अवैध शराब, आरोपी धराया

चौकी जोबी क्षेत्र के ग्राम बर्रा में भी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई की। यहां डोमनारा नाला के पास रतन सिंह राठिया खेत के किनारे अवैध शराब निर्माण कर बिक्री कर रहा था।

छापेमारी के दौरान मौके से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, डिस्पोजल गिलास और शराब बनाने के बर्तन जब्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत रिमांड पर भेजा गया।

कोतवाली क्षेत्र में थैले में शराब लेकर घूम रहा युवक पकड़ा गया

इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने रामभांठा क्षेत्र में घेराबंदी कर नीरज टोप्पो उर्फ धोंदो को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की गई।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई, कुल 100 लीटर से अधिक शराब जप्त

“ऑपरेशन आघात” के तहत जूटमिल, कोतरारोड़ और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों में भी अवैध शराब पर लगातार कार्रवाई की गई।

  • जूटमिल पुलिस ने 15 पाव देशी शराब जप्त की
  • ग्राम कलमी में 3 लीटर महुआ शराब बरामद
  • नंदेली में 2.5 लीटर शराब जब्त
  • पूंजीपथरा क्षेत्र में 3-3 लीटर महुआ शराब के साथ 3 आरोपी पकड़े गए

इस तरह पूरे जिले में एक ही दिन में 100 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त कर पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, सभी आरोपी रिमांड पर भेजे गए

सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। महिला सहित सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश — अवैध शराब पर लगातार जारी रहेगा अभियान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article