महंगाई, मनरेगा और MSP सहित 23 सूत्रीय मांगों को लेकर CPI(M) का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Advertisement
Advertisement

राउरकेला। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)] की राउरकेला क्षेत्रीय समिति ने शुक्रवार को महंगाई, रोजगार, किसानों के मुद्दों और श्रमिक अधिकारों सहित 23 सूत्रीय मांगों को लेकर पानपोष उप-जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

राउरकेला क्षेत्रीय समिति के सचिव राज किशोर प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में पार्टी के जिला सचिव, जिला एवं क्षेत्रीय समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट, श्रमिकों का शोषण, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की समस्याओं के कारण आम जनता परेशान है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आवश्यक खाद्य वस्तुओं, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की। साथ ही किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, कृषि ऋण माफी और किसान आत्महत्या रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन में मनरेगा के तहत 200 दिन रोजगार, प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी, चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को वापस लेने, समान काम के लिए समान वेतन और न्यूनतम मजदूरी लागू करने की भी मांग की गई।

स्वास्थ्य क्षेत्र में राउरकेला सरकारी अस्पताल के विस्तार, अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्स और बेड उपलब्ध कराने, ईएसआईसी मॉडल अस्पताल में रिक्त पद भरने तथा टिकट काउंटर बढ़ाने की मांग रखी गई। इसके अलावा एएसपी विस्तार परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और टाटा पावर के स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने राज्य सरकार से स्कूली पुस्तकों की छपाई में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की।

Advertisement
Share This Article