Raigarh News : जनसमस्याओं को संसद में उठाने की मांग, सांसद राधेश्याम राठिया को सौंपा गया ज्ञापन

Advertisement
Advertisement

विस्थापन, DMF निधि, रोजगार, प्रदूषण और रेल सुविधाओं समेत 8 प्रमुख मुद्दों पर कार्रवाई की मांग

रायगढ़। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को संसद में उठाने की मांग को लेकर पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने सांसद राधेश्याम राठिया को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के विकास और आम जनता से जुड़े आठ प्रमुख मुद्दों पर केंद्र एवं राज्य सरकार से आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया गया है।

विस्थापन और रोजगार नीति पर उठे सवाल

ज्ञापन में औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के विस्थापन एवं पुनर्वास नीति का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही जिले के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

DMF निधि में पारदर्शिता की मांग

रवि भगत ने जिला खनिज न्यास (DMF) निधि के उपयोग में पारदर्शिता लाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग की मांग की है। उन्होंने कहा कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए उपलब्ध राशि का लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।

प्रदूषण नियंत्रण और पेयजल व्यवस्था पर जोर

ज्ञापन में रायगढ़ जिले में बढ़ते वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई है। इसके अलावा हर घर नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति की समीक्षा कर सभी ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

छात्राओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी शामिल

ज्ञापन में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण साइकिल उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक साइकिल के साथ बिल एवं आवश्यक दस्तावेज देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई है।

इसके अलावा जिले के जर्जर एवं भवनविहीन शासकीय विद्यालयों के लिए नए भवन निर्माण, पुराने भवनों के पुनर्निर्माण और स्वीकृत बजट की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।

चिरवाही रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

ज्ञापन में तमनार क्षेत्र के चिरवाही रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी प्रमुख यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई गई है।

इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और आम नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है।

सांसद से लोकसभा में मुद्दे उठाने का आग्रह

ज्ञापन के माध्यम से सांसद राधेश्याम राठिया से आग्रह किया गया है कि वे इन सभी जनहित के मुद्दों को लोकसभा में प्रमुखता से उठाकर संबंधित मंत्रालयों और विभागों से शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, ताकि रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।

Advertisement
Share This Article