रायगढ़। रायगढ़ (Raigarh) कोतवाली पुलिस ने लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए जोगीडीपा क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहीद सारथी के रूप में हुई है। दोनों पर 10 जून की रात शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
मोटरसाइकिल चालक से नगदी और बाइक लूटी
पहली घटना में चांदमारी निवासी किशन साहू (27) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जून की रात वह अपने मित्र के साथ बाइक से केवड़ाबाड़ी से मधुबनपारा जा रहा था। रात करीब 10 बजे जोगीडीपा गंगाराम तालाब के पास दोनों आरोपियों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए किशन की जेब से 200 रुपये निकाल लिए और बाइक छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला किया और बाइक लूटकर फरार हो गया।

युवक से चाकू दिखाकर मोबाइल छीना
दूसरी घटना में इंदिरानगर निवासी अभिषेक नागराज (25) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसी रात करीब 11:45 बजे वह केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से घर लौट रहा था। घर के पास गली में दोनों आरोपी बाइक से पहुंचे और चाकू दिखाकर पैसों की मांग करने लगे। पैसे नहीं होने पर उन्होंने मारपीट कर अभिषेक का POCO C75 5G मोबाइल फोन लूट लिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को उनके घर से दबिश देकर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली।

लूटी गई बाइक, मोबाइल और चाकू बरामद
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल (करीब 30 हजार रुपये), मोबाइल फोन (करीब 5 हजार रुपये) और वारदात में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद किया।
संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी
थाना कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “लूटपाट और आमजन में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”


