जशपुर में डबल वारदात का खुलासा, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार: दोस्त पर चाकू से हमला और नाबालिग की हत्या का आरोप

Advertisement

जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक ही दिन में चाकूबाजी और हत्या की दो वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले अपने दोस्त पर चाकू से हमला किया और फिर कुछ ही घंटों बाद एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

शराब पीने के बहाने बुलाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन राम (20 वर्ष), निवासी भागलपुर बरटोली ने 17 मई 2026 को अपने ही साथी सूरज रजक को शराब पीने के बहाने कोमडो क्षेत्र में ले जाकर विवाद के दौरान चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान पीठ और माथे में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव के दौरान चाकू टूट गया और घायल किसी तरह वहां से बचकर निकल गया।

कुछ घंटे बाद नाबालिग की बेरहमी से पिटाई, मौत

इसी दिन दोपहर में आरोपी ने ग्राम भागलपुर बरटोली में 15 वर्षीय कृष्णा भगत पर बिना किसी कारण के हमला कर दिया। आरोपी ने जमीन पर पटककर हाथ, मुक्का और लात से उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान नाबालिग को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

दोनों मामलों में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी घटना के बाद फरार था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) व 118(1) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों की टीम ने निभाई भूमिका

गिरफ्तारी और जांच कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम और साइबर यूनिट की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि गंभीर अपराधों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Share This Article