धरमजयगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, काट-पत्ती जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम उदउदा में सार्वजनिक स्थान पर संचालित जुआ फड़ पर छापेमार कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹17,650 नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ सामग्री तथा करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर “काट-पत्ती” जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से पांच आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
नकदी, ताश और 8 वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से ₹17,650 नकद, 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा मौके पर खड़े 8 दोपहिया वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा शाइन और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में उमेश देवनाथ, कालीचरण साह, मधुसुदन मंडल, सुशांत दास और ओमप्रकाश यादव शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
एसएसपी बोले—अवैध गतिविधियों पर लगातार होगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।




