Raigarh Police: चाकू की नोक पर हासिल किए UPI पासवर्ड, खाते से ट्रांसफर कराई रकम; ₹99,100 नकद समेत बाइक, चाकू और मोबाइल जब्त
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में प्रोफेसर के अपहरण और लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता को बंधक बनाकर उनके मोबाइल से UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर ₹99,100 नकद सहित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इवनिंग वॉक के दौरान प्रोफेसर को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की शाम प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता ग्राम जकेला में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास टहल रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और सुनसान जगह पर ले गए। आरोप है कि उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर धमकाया गया और मारपीट कर मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay तथा BHIM UPI की जानकारी हासिल की गई।
UPI और QR कोड से खाते से ट्रांसफर कराई रकम
विवेचना में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से QR कोड के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कराए और रकम एक महिला के खाते में ट्रांसफर कराई। इसके बाद प्रोफेसर को थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें परिजनों से सामान्य बातचीत करने के लिए भी मजबूर किया, ताकि किसी को अपहरण का संदेह न हो।
परिजनों की सतर्कता से सकुशल मुक्त हुए प्रोफेसर
फोन पर बातचीत के दौरान परिजनों को संदेह हुआ। वे जानकारी जुटाते हुए ग्राम पंडरीपानी पहुंचे। पुलिस के अनुसार, परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी प्रोफेसर को छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सकुशल मुक्त कराया और मामले की जांच शुरू की।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी, फिर तीन अन्य तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस ने सुनील सारथी को घटना के 24 घंटे के भीतर सारंगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ और लगातार दबिश के बाद राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, नरेंद्र उर्फ नंदू महंत और दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 3 अक्टूबर को कथित तौर पर अपहरण कर रकम ऐंठने की योजना बनाई थी। मामले में आरोपियों की भूमिका और डिजिटल लेन-देन की जांच जारी है।
₹99,100 नकद और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों से कुल ₹99,100 नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन, एक चाकू और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सुनील सारथी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रिकेन्द्र चंद्राकर सहित पुसौर पुलिस की टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण और लूट जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


