रायगढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल साक्ष्य बरामद

4 Min Read
Advertisement

रायगढ़, 25 मार्च

ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ धरमजयगढ़ और कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धरमजयगढ़ और कोतवाली पुलिस ने अलग अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

धरमजयगढ़ के मस्जिदपारा में मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित करते आरोपी गिरफ्तार
धरमजयगढ़ पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि मस्जिदपारा के पीछे रहने वाला विरेन्द्र मिश्रा अपने मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी और आरोपी विरेन्द्र मिश्रा 36 वर्ष पिता टिकादत्त मिश्रा निवासी मस्जिदपारा थाना धरमजयगढ़ को मौके पर मोबाइल में सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा। जांच में मोबाइल में विभिन्न व्यक्तियों से अंकों और रकम के लेनदेन के प्रमाण मिले। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल और फोन पे के माध्यम से सट्टा खिलाना स्वीकार किया। आरोपी से एक मोबाइल फोन और 870 रुपए नगद जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका और अधिकारियों का मार्गदर्शन
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, एएसआई मंजू मिश्रा, डेविड टोप्पो, सउनि एसके वर्मा, प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक कमलेश राठिया, किशोर राठौर और लालजीत राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोतवाली क्षेत्र के ढिमरापुर में सट्टा पट्टी लिखते आरोपी पकड़ा गया
कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर पुरानी बस्ती निवासी श्यामलाल भास्कर मोबाइल के माध्यम से सट्टा पट्टी नामक जुआ संचालित कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी श्यामलाल भास्कर 55 वर्ष पिता राम प्रसाद भास्कर निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती थाना कोतवाली को व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने सहनावाज मालिक उर्फ सानु के माध्यम से सट्टा संचालन और कमीशन प्राप्त करने की बात स्वीकार की। आरोपी से एक मोबाइल फोन, 1750 रुपए नगद और सट्टा पट्टी लिखित कागज जब्त किए गए।

फरार आरोपी की तलाश जारी और सट्टा नेटवर्क की जांच तेज
थाना कोतवाली पुलिस ने श्यामलाल भास्कर और सहनावाज मालिक उर्फ सानु के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 क और 7 1 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि सहनावाज मालिक उर्फ सानु फरार है और उसकी तलाश जारी है। दोनों मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा पर पुलिस की सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article