रायगढ़: 60 किलो गांजा तस्करी के फरार मुख्य सप्लायर को ओडिशा से दबोचा, जेल भेजा

Advertisement
Advertisement

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल नंबर से खंगाला गया पूरा सप्लाई नेटवर्क

रायगढ़, 9 अगस्त 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

अप्रैल में पकड़ी गई थी 60 किलो गांजा खेप

20 अप्रैल 2026 को तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से 60 किलो गांजा परिवहन करते गिरफ्तार किया था। कार्रवाई में कार, दो मोबाइल समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल नंबर के जरिए ओडिशा से गांजा प्राप्त करने की जानकारी दी थी।

मोबाइल नंबर से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले को केवल गांजा बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू की। तकनीकी जांच और पतासाजी के दौरान पुलिस मुख्य सप्लायर शंकर मेहर, निवासी बौद्ध, ओडिशा तक पहुंची।

नाम और मोबाइल नंबर बदलकर करता था डील

पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। वह तस्करी के दौरान अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और गांजा लेने वाले लोगों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर डील करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी पहचान भी अलग-अलग नामों से बताता था। अप्रैल की तस्करी के दौरान उसने सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को अपना नाम कमल मेहर बताया था।

ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए क्षेत्र में कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि शंकर मेहर अपने गांव गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध में मौजूद है। तमनार पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसके घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल

पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध, ओडिशा को थाना तमनार के अपराध क्रमांक 78/2026 में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

सप्लाई चेन पर एंड-टू-एंड कार्रवाई

पुलिस की इस कार्रवाई से अप्रैल में हुई 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार मुख्य सप्लायर तक पहुंच बन गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालकर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय और आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने की आमजन से अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अवैध नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Advertisement
Share This Article