जन-जागरूकता अभियान : मस्तूरी में नशामुक्ति, जल संरक्षण और मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर चल रही विशेष पहल

Advertisement
Advertisement

शांति सोनी के मार्गदर्शन में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

मस्तूरी (बिलासपुर)। समाज में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मस्तूरी क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ व्याख्याता एवं जन-जागरूकता अभियान की संचालिका शांति सोनी के मार्गदर्शन में “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो”, “जल संचयन–जल संरक्षण” और “किशोरी बालिकाओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन” जैसे अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

श्वेता उपाध्याय निभा रहीं प्रेरक मित्र की भूमिका

इन अभियानों को जनभागीदारी का स्वरूप देने में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटिया, विकासखंड मस्तूरी की व्याख्याता श्वेता उपाध्याय प्रेरक मित्र के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

रैली, पोस्टर और संवाद से दिया जा रहा संदेश

अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान, जन-जागरूकता रैलियां, प्रेरक नारे, स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण, चित्रकला प्रतियोगिताएं और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, किशोरियों, अभिभावकों और ग्रामीणों को नशामुक्त जीवनशैली, जल संरक्षण के महत्व और मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी दी जा रही है।

व्यवहार परिवर्तन लाना है अभियान का उद्देश्य

शांति सोनी ने कहा कि जन-जागरूकता तभी प्रभावी होती है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें सहभागी बने और स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी प्रेरित करे। वहीं श्वेता उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय के सहयोग से इन अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

स्वस्थ और संवेदनशील समाज निर्माण की दिशा में पहल

लगातार चल रहे इन अभियानों से क्षेत्र में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। यह पहल एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण बन रही है।

Advertisement
Share This Article