किसानों की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस, चोरी की वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है।
किसानों की शिकायत के बाद पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर चोरों की पतासाजी शुरू की।
20 हजार रुपये के केबल चोरी मामले में हुई कार्रवाई
5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का करीब 100 मीटर केबल वायर चोरी हो गया है, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूली चोरी
विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने मिलकर केबल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी किए गए केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा दिगम्बर मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13 AV-0523 बरामद कर जब्त की।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
केबल चोरी की लगातार घटनाओं का खुलासा करने में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


