परीक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
रायपुर। पेपर लीक विवाद के बाद पुनः आयोजित की जा रही NEET-UG परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रायपुर जिले में 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 9,600 छात्र शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों में बिजली, पानी और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों में फर्नीचर, बिजली, पंखा, साफ-सफाई, पेयजल, वॉशरूम, पार्किंग और जनरेटर (डीजी सेट) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। प्री-मानसून को देखते हुए बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
30 मिनट पहले बंद होंगे प्रवेश द्वार
प्रशासन के अनुसार परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले यानी 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
9600 परीक्षार्थियों के लिए कड़े इंतजाम
इस परीक्षा में कुल 3,348 पुरुष, 5,665 महिला और 37 दिव्यांग परीक्षार्थी शामिल होंगे। हर केंद्र पर मेडिकल टीम, फ्रिस्किंग टीम, वीडियोग्राफर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण रहे।
स्ट्रांग रूम और निगरानी व्यवस्था होगी सख्त
प्रश्न पत्र की सुरक्षा के लिए अलग स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे, जहां सीलबंद पेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं।
प्रशासन ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
कलेक्टर ने रायपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों जैसे शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला संत कंवरराम, शासकीय प्राथमिक शाला बैरन बाजार, छत्तीसगढ़ कॉलेज और अन्य केंद्रों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।


