रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 17/08/2026
दो दिवसीय शिविर में उमड़े नागरिक, कलेक्टर-एसपी और नगर निगम आयुक्त ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय रक्तदान शिविर में बिलासपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई। शिविर में 160 यूनिट से अधिक रक्तदान कर लोगों ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।
कलेक्टर-एसएसपी ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
शिविर के समापन अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनीश सिंह एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप पहुंचे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए नागरिकों को प्रेरित किया।
पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों ने भी निभाई भूमिका
शिविर के पहले दिन सीएसपी मंजुलता केरकेट्टा सहित पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में एसएसपी रजनीश सिंह एवं यातायात सीएसपी रामगोपाल करियारे का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन से प्रतिज्ञा सिंह, इंद्राज सिंह, सांभवी सिंह सहित पूरी टीम का योगदान रहा। इसके अलावा सुकून फाउंडेशन से अली इमरान, शेख सुल्तान, शेख अब्दुल मन्नान, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा संघ से श्वेता गोयल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी आयोजन में सहयोग दिया।
साई ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था
साई ब्लड बैंक के डायरेक्टर सुदर्शन सिंह राजपूत एवं उनकी टीम ने रक्तदाताओं की चिकित्सा जांच से लेकर रक्त संग्रहण तक की पूरी व्यवस्था जिम्मेदारी के साथ संभाली। शिविर में रक्तदान करने पहुंचे लोगों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर मानव सेवा का संदेश
आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का भी दिन है। दो दिनों में 160 यूनिट से अधिक रक्तदान बिलासपुर की जनता की सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, बिलासपुर पुलिस, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन, साई ब्लड बैंक एवं सहयोगी सामाजिक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।




