पेड़ कटाई की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे वनकर्मी, पंचनामा तैयार कर लौटते समय हुआ विवाद
गौरेला-पेंड्रा। गौरेला में शासकीय ड्यूटी के दौरान वन विभाग के बीट गार्ड के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। दर्री बीट में पदस्थ बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई। मामले में आरोपी रुद्र मांझी के खिलाफ गौरेला थाना में शासकीय कार्य में बाधा, एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पेड़ कटाई की सूचना पर पहुंचे थे वनकर्मी
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग के कर्मचारी पेड़ काटे जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। वहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद जब बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और वर्दी भी फाड़ दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानकारी
घटना के बाद बीट गार्ड ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद गौरेला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रुद्र मांझी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


