रायगढ़ (खरसिया)
प्रशिक्षण महाअभियान के तहत महका मंडल में प्रथम दिवस का आयोजन, ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत खरसिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा महका मंडल द्वारा अग्रसेन भवन में प्रशिक्षण वर्ग शिविर का आयोजन किया गया। प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं एवं वक्ताओं के साथ ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, वक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम एवं राजगीत का सामूहिक गान किया।

कार्यकर्ताओं द्वारा अतिथियों का सम्मान और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया अभिनंदन
कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि पूर्व विधायक विजय अग्रवाल एवं वक्ताओं का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छायाचित्र भेंट कर अभिनंदन किया। सत्र समाप्ति के पश्चात स्मृति चिन्ह के रूप में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का छायाचित्र भेंट किया गया। प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक और वैचारिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रथम और द्वितीय सत्र में वक्ताओं ने इतिहास और वैचारिक अधिष्ठान पर रखा दृष्टिकोण
महका मंडल प्रशिक्षण वर्ग शिविर में मुख्य अतिथि एवं द्वितीय सत्र के मुख्य वक्ता पूर्व विधायक विजय अग्रवाल रहे। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल ने की। वहीं प्रथम सत्र में जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमति मधुलता पटेल ने भाजपा के इतिहास विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा महका मंडल की महामंत्री श्रीमति लक्ष्मी देवी साहू ने की।

वैचारिक अधिष्ठान पर एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिद्धांतों की विस्तृत व्याख्या
द्वितीय सत्र में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, अंत्योदय और पंचनिष्ठा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का अधिष्ठान संस्कृति में निहित होता है और भारतीय संस्कृति भूमि को माता तथा जन को संतान के रूप में देखती है। उन्होंने अथर्ववेद के पृथ्वीसूक्त का उल्लेख करते हुए मानव और प्रकृति के संबंधों को स्पष्ट किया।

भारतीय जनसंघ से भाजपा तक एकात्म मानववाद के सिद्धांत की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति के मूल दर्शन को व्यक्त करने वाला समग्र विचार भारतीय जनसंघ ने 1965 में विजयवाड़ा में एकात्म मानववाद के रूप में स्वीकार किया और 1985 में भाजपा ने इसे अपना मूलभूत सिद्धांत माना। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत को प्राचीन और सनातन राष्ट्र मानती है, जिसकी अवधारणा पश्चिमी राष्ट्र राज्य से कहीं पुरानी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की सोच पर आधारित है।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का आह्वान और विचारों के प्रसार पर जोर
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचारों को जन जन तक पहुंचाया जाए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने व्यक्ति और समाज तथा मानव और प्रकृति की एकात्मता को भारतीय चिंतन का आधार बताया।
शिविर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति, संचालन पीतांबर महंत ने किया
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस में मंच संचालन पीतांबर महंत ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद खरसिया के अध्यक्ष कमल गर्ग, छाया विधायक महेश साहू, शिविर वर्गाधिकारी एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष मनोरंजन साहू, मंडल महामंत्री एवं शिविर वर्ग प्रमुख ओमप्रकाश राठौर, महका मंडल अध्यक्ष डॉ हितेश गबेल, जिला कार्यसमिति सदस्य रविन्द्र गबेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, मन की बात जिला प्रमुख शशि राठौर, जिला पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य नूतन पटेल, जिला मीडिया प्रभारी पिछड़ा वर्ग मोर्चा अमित साहू, जिला भाजपा किसान मोर्चा सह प्रवक्ता जयप्रकाश डनसेना सहित सौरभ अग्रवाल, भूपेंद्र जयसवाल, नवल कनेर, गुलाब गबेल, रमेश राठौर, शिवचरण, रोहित मिरी, कुंतीलता साहू, किरण सारथी, टिकेश्वर गबेल, धनसाय गबेल, मनोज गबेल, ईश्वर गबेल तथा जिला भाजपा पदाधिकारी और महका मंडल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
