पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी पाबंदी फिर बढ़ी, भारतीय एयरलाइंस और सैन्य विमानों पर रहेगा असर
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) पर लगाए गए प्रतिबंध को एक बार फिर बढ़ा दिया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) द्वारा जारी नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) के अनुसार, भारतीय पंजीकरण वाले सभी विमान, भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमान तथा सैन्य उड़ानें अब 23 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग नहीं कर सकेंगी।
पहलगाम हमले के बाद लिया गया था फैसला
यह प्रतिबंध अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लगाया गया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया और दोनों देशों ने एक-दूसरे की एयरलाइंस के लिए अपना-अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।
हर महीने बढ़ाई जा रही है अवधि
पहले लागू प्रतिबंध की अवधि 24 जुलाई 2026 को समाप्त होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही पाकिस्तान ने इसे बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 तक कर दिया। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध भारतीय पंजीकरण वाले सभी नागरिक और सैन्य विमानों पर लागू रहेगा।
एयरलाइंस पर पड़ रहा असर
पाकिस्तान के एयरस्पेस बंद रहने से भारतीय एयरलाइंस को कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इससे उड़ानों का समय बढ़ रहा है, ईंधन की खपत अधिक हो रही है और परिचालन लागत पर भी असर पड़ रहा है।


