सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भागीदारी, 242 आवेदन प्राप्त, 62 मामलों का मौके पर निराकरण

By
Advertisement
Advertisement

ग्राम पंचायत रानीगांव में आयोजित समस्या निवारण शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कोटा। सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत रानीगांव में आयोजित समस्या निवारण शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

शिविर के दौरान मांग एवं शिकायतों से जुड़े कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 62 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।

सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंच रही शासन की योजनाएं

शिविर को संबोधित करते हुए राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सरकार सुशासन तिहार के जरिए गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है और हर वर्ग इससे लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक तक जनहितैषी योजनाओं का लाभ पहुंचे।

बेलतरा विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान गांव में ही हो रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। वहीं जगेंद्र कश्यप ने इसे विश्वास और पारदर्शिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि शासन जनता के द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।

स्वास्थ्य जांच, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई योजनाओं का मिला लाभ

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान 10 लोगों को राशन कार्ड संबंधी लाभ प्रदान किया गया। वहीं 27 हितग्राहियों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस सुविधा दी गई। महतारी वंदन योजना अंतर्गत 35 ई-केवाईसी भी किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 90 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 150 लोगों की बीपी और शुगर जांच की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर योजनाओं की जानकारी भी दी। ग्रामीणों ने गांव स्तर पर मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ शिविर

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीईओ युवराज सिन्हा, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article