“ऑपरेशन आघात” के तहत नशीले इंजेक्शन नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नाबालिगों और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले गिरोह पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस

रायगढ़, 29 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशीले पदार्थों और इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम इंजेक्शन की बिक्री से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

रामलीला मैदान के पास युवाओं और नाबालिगों को लगाया जा रहा था नशे का इंजेक्शन

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग लड़कों और युवाओं को बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशा करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ युवक फरार हो गए, जबकि मोटरसाइकिल पर बैठे सूरज पंडित निवासी सोनियानगर रायगढ़ और विमल केरकेट्टा निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग नशीली Butorphanol Tartrate Injection USP 2 mg (Butrum), दो सिरिंज, 7,370 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क, पहले सरोज यादव और अब सुनील ठाकुर गिरफ्तार

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से नशीले इंजेक्शन खरीदकर युवकों और नाबालिग बच्चों को बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने सरोज यादव उर्फ बबलू यादव को घड़ी चौक रायगढ़ के पास से गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से बिक्री रकम में शेष 200 रुपये बरामद किए गए।

प्रकरण की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि सरोज यादव उर्फ बबलू यादव को नशीले इंजेक्शन खरसिया निवासी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और पेट्रोलिंग टीम ने उसे रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया।

50 नग बुट्रम इंजेक्शन बेचने की बात स्वीकार, मोबाइल फोन जब्त

पूछताछ में आरोपी सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर पिता तेजलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती पनखतिया तालाब पार, चौकी खरसिया, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ ने सरोज यादव उर्फ बबलू यादव को 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन बेचना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 279/2026 में धारा 123, 275, 286 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और धारा 77 जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

नशे के कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति पर होगी कठोर कार्रवाई : एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन से भी सहयोग की अपील की गई है।

Share This Article