स्कूल की दीवार फांदकर घुसे बाहरी लड़के, 9वीं के छात्र पर चाकू जैसे हथियार से हमला; 3 नाबालिग पकड़े गए

Advertisement
Advertisement

लंच ब्रेक में कक्षा से बाहर बुलाकर छात्र से मारपीट, CCTV फुटेज से हुई पहचान; चक्रधरनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर तीन आरोपियों को पकड़ा, अन्य की तलाश जारी

रायगढ़, 7 सितंबर 2026। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चक्रधरनगर में सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब 6-7 बाहरी लड़के स्कूल की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने कक्षा 9वीं के 16 वर्षीय छात्र को कक्षा से बाहर बुलाया और इसके बाद दो लड़कों ने चाकू जैसे हथियार से उस पर हमला कर दिया। घटना में छात्र के कमर से नीचे चोट आई है।

दीवार फांदकर स्कूल में दाखिल हुए युवक

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर के समय लंच ब्रेक के दौरान हुई। करीब 6-7 बाहरी लड़के स्कूल की दीवार फांदकर परिसर में पहुंचे और कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले छात्र को बाहर बुलाया। इसके बाद दो लड़कों ने छात्र के साथ मारपीट की और चाकू जैसे हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चक्रधरनगर पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ तत्काल स्कूल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के साथ स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर हमले में शामिल दो लड़कों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में तीसरे नाबालिग का भी पता चला

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों के साथ मारपीट करने के लिए एक और लड़का भी आया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, देर शाम तक इस मामले में कुल 3 नाबालिग आरोपियों को पकड़ा जा चुका था। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही घटना

प्रारंभिक पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने छात्र के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, घायल छात्र और आरोपियों के बीच पहले मित्रता थी और कुछ समय पहले किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद को घटना की प्रारंभिक वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

घायल छात्र का जिला अस्पताल में इलाज जारी

हमले में घायल 16 वर्षीय छात्र की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। छात्र का उपचार जिला अस्पताल रायगढ़ में जारी है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच कर रही है।

प्राचार्य के आवेदन पर FIR दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा पकड़े गए नाबालिगों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश जारी है।

Advertisement
Share This Article