बिलासपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़, फंदा और सिगरेट लटकाने से भड़का आक्रोश

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों ने पॉलीथिन बांधने के साथ गले में कपड़े का फंदा डाल दिया। इसके अलावा प्रतिमा पर सिगरेट का पैकेट और ताश के पत्ते भी लटकाए गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी देखी गई।

सुबह लोगों की नजर पड़ी तो मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि सुबह जब लोगों की नजर प्रतिमा की स्थिति पर पड़ी तो बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर चौक पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। प्रदर्शनकारियों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जा सकता है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। घटना को अंजाम देने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

आसपास के कैमरों से जुटाए जा रहे सुराग

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किस समय हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे। अंबेडकर चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

पुलिस बल तैनात, शांति बनाए रखने की अपील

घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article