छत्तीसगढ़ में अफीम खेती को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रशासन पर कई आरोप लगाया.
धमतरी: प्रदेश में लगातार अवैध अफीम खेती के मामले सामने आ रहे हैं. धमतरी जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र में अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की. संगठनों का आरोप है कि एक भाजपा नेता के फार्म हाउस में अफीम की खेती की जा रही थी और मामले को दबाने के लिए जेसीबी चलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई.
नगरी में अफीम खेती की जांच की मांग
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष डोमेश्वर साहू ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि नगरी क्षेत्र में लगभग 20 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही है. आए दिन अफीम की खेती का खुलासा हो रहा है. धमतरी में अफीम की खेती के बारे में पता चला है कि किसी बड़े भाजपा नेता का फार्म हाउस है. साहू ने कहा कि क्या छत्तीसगढ़ के लोगों को नशे का आदि बनाया जा रहा है. राजस्व अधिकारी कह रहे हैं कि वहां जांच में अफीम की खेती नहीं मिली है.


