रायगढ़। आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सानू बेरीवाल समेत तीन आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 9 अप्रैल 2026 को बोईरदादर क्षेत्र स्थित एक प्रोविजन स्टोर में कार्रवाई के दौरान पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया था। पूछताछ में उन्होंने सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करने और यूपीआई के माध्यम से रकम का लेन-देन करने की जानकारी दी थी।
दूसरे मामले में भी सामने आया था सानू का नाम
10 अप्रैल को पुलिस ने कशिश बलानी को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा था। पूछताछ में उसके द्वारा भी सानू बेरीवाल के लिए सट्टे का काम करने और यूपीआई के जरिए रकम के लेन-देन की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया। दोनों मामलों में चक्रधरनगर थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
तीन आरोपियों से 4 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को सानू बेरीवाल, मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन के मिलने की सूचना पर उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने सानू के कब्जे से दो मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से एक सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से एक सैमसंग मोबाइल, कुल चार मोबाइल जब्त किए।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानू बेरीवाल (32), निवासी पंचवटी कॉलोनी, चक्रधरनगर; मोहित संथालिया (19), निवासी मोवा, रायपुर और विजय कुमार देवांगन (43), निवासी चक्रधरनगर, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को दोनों मामलों में न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा- ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा और साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।




