ऑपरेशन अंकुश: जूटमिल क्षेत्र में जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी रेड, 8 जुआरी गिरफ्तार

Advertisement

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जूटमिल क्षेत्र के मौदहापारा में चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया। संयुक्त कार्रवाई में 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 24,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है।

स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना साइबर और थाना जूटमिल की संयुक्त टीम ने सूचना मिलने पर देर रात दबिश दी। पुलिस को खबर मिली थी कि कुछ लोग स्ट्रीट लाइट के नीचे रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा।

कुछ आरोपी भागे, 8 मौके पर पकड़े गए

रेड के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अलेख कुमार पटेल, भरत माखीजा, मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू, हमीद अली, कर्नल सिंह, जय कुमार सिंह, मोहम्मद अजीज और मोहम्मद गुलफाम शामिल हैं।

दो आरोपी निकले सूचीबद्ध गुंडा बदमाश

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फिरोज उर्फ छोटू और जय कुमार सिंह थाना जूटमिल क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा बदमाश हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने सभी आरोपियों को गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

चार आरोपियों को भेजा गया जेल

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही BNSS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चार आरोपियों को जेल भेजा गया

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए साफ संदेश है कि कानून से बचने का कोई रास्ता नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं से भी ऐसे गलत कार्यों से दूर रहने की अपील की गई है।

Share This Article