ऑपरेशन आघात : 520 किलो गांजा जब्त, महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

जशपुर, 27 अगस्त 2026। जशपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 520 किलो गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है, जिसमें गांजे की कीमत लगभग 2.60 करोड़ और वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपए है।

सब्जी की ट्रे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की सोल्ड बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने थाना के सामने वाहन को रोककर तलाशी ली।

वाहन की डाला में सब्जी की ट्रे के नीचे छह बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी में पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट मिले, जिनमें करीब 246 किलो गांजा बरामद हुआ।

मौके से पुलिस ने वाहन सवार अनवर अंसारी (45), निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी (26), निवासी ग्राम दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार को गिरफ्तार किया।

पीछा करने पर सेल्टोस छोड़कर भागा चालक

इसी दौरान पुलिस टीम को बिना नंबर की एक सोल्ड सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख चालक सालियाटोली के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

कार की तलाशी में 20 बैगों में रखे 120 पैकेटों से करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस तरह कुनकुरी थाना क्षेत्र की दोनों कार्रवाइयों में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।

नारायणपुर में कार की डिक्की से 26 किलो गांजा बरामद

नारायणपुर पुलिस को 27 अगस्त को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजा परिवहन किया जा रहा है।

सूचना पर पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने वाहन सवार कमल किशोर ओझा (56), निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश और अनिता सोनी (35), निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की कड़ी की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में कहां से लाया गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी सप्लाई की जानी थी।

पुलिस द्वारा तस्करी से जुड़े सप्लायर, खरीदार और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

करीब 3 करोड़ रुपए की जब्ती

दोनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 520 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए, तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन जब्त किए हैं। वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती करीब 3 करोड़ रुपए की है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह और डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।

कुनकुरी थाना टीम में निरीक्षक राकेश कुमार यादव, एएसआई नीता कुर्रे, ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई नीलमणि निषाद, देविका मंडावी, आरक्षक मुर्शीद आलम एवं चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नारायणपुर थाना टीम में निरीक्षक कोमल नेताम, एएसआई उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरन पटेल, आरक्षक योगेश भगत, अविनाश खलखो, महिला आरक्षक अलमा खाखा, नगर सैनिक ओम प्रकाश एवं वीरेंद्र भगत शामिल रहे।

नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गांजा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article