इको टूरिज्म कार्यशाला के पंचम दिवस विद्यार्थियों ने किया ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण

2 Min Read


रामगढ़ पर्वत की सीताबेंगरा, जोगीमारा व हाथी पोल गुफाओं सहित महेशपुर के प्राचीन शिव मंदिर और पुरातात्विक संग्रहालय का कराया गया अवलोकन

उदयपुर (सरगुजा)। शासकीय राजकुमार धीरज सिंह महाविद्यालय, उदयपुर सरगुजा (छत्तीसगढ़) में आयोजित इको टूरिज्म विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला के पंचम दिवस 11 मार्च 2026 को छात्र-छात्राओं को क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।



कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के दर्शनीय स्थल रामगढ़ पर्वत में स्थित सीताबेंगरा, जोगीमारा गुफा तथा हाथी पोल गुफा का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को इन स्थलों से जुड़े भौगोलिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक तथ्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके पश्चात जलपान के बाद विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल महेशपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर का दर्शन कराया गया। यहां मंदिरों की पुरातात्विक विशेषताओं, मंदिर निर्माण शैली तथा गुप्तकालीन स्थापत्य कला के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही इस क्षेत्र में बौद्ध धर्म के विकास से जुड़े प्रमाणों के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से बताया गया।



भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने महेशपुर स्थित पुरातात्विक संग्रहालय का भी अवलोकन किया, जहां संरक्षित प्राचीन शिलालेख, मूर्तियां तथा ऐतिहासिक धरोहरों की विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

यह भौगोलिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. वंदना पांडे की अध्यक्षता तथा जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समन्वय भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक मुकेश कुमार रजक द्वारा किया गया।



इस अवसर पर महाविद्यालय की सुश्री सावित्री सिंह, जेवियर टोप्पो, रविशंकर मनहर, प्रो. सुमन आर. तिर्की, प्रो. प्रतिमा कुजूर सहित लगभग 50 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article