अभिषेक कुमार पाण्डेय | रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
मल्हार। रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) बद्री प्रसाद देवांगन मध्य नगरीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हार की छात्राओं ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और सम्मान के साथ मनाया।
पुलिसकर्मियों की कलाई पर बांधी राखी
एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद बहनों ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाई। पुलिसकर्मी भाइयों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया तथा उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
पेन और रुमाल भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें पेन और रुमाल भेंट किए। इस भावनात्मक अवसर पर पुलिसकर्मियों ने बहनों को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा का वचन दिया।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने एनएसएस की बहनों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया।
पुलिस और समाज के बीच मजबूत हुआ विश्वास
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी करुणेश कुमार नापित ने पुलिसकर्मी भाइयों एवं एनएसएस की बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।
मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार वैष्णव के आशीर्वाद तथा डॉ. मनोज सिन्हा (कार्यक्रम समन्वयक), डॉ. कांति अंचल (पूर्व जिला संगठक) और शीतेश जैन (जिला संगठक) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सुरक्षित और संवेदनशील समाज का संदेश
बिलासपुर पुलिस ने इस आत्मीय पहल के लिए एनएसएस की बहनों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। पुलिस की ओर से कहा गया कि पुलिस और समाज के बीच ऐसे स्नेहपूर्ण संबंध सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्षाबंधन का यह आयोजन भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग की भावना का भी संदेश देता है।


