रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय | बिलासपुर, छत्तीसगढ़
वारदात के बाद ओडिशा भाग गए थे आरोपी
बिलासपुर। घर के बाहर फूल तोड़ रही महिला से मारपीट कर सोने की चेन लूटने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात के बाद फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
स्कूटी से पहुंचे थे तीन बदमाश
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे प्रार्थिया अपने घर के पास फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान स्कूटी से तीन बदमाश वहां पहुंचे और महिला को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की और उनके गले से लॉकेट सहित करीब एक तोला वजन की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। लूटी गई चेन की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG/SSP रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो स्थानीय आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस ने वारदात के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए दो स्थानीय आरोपियों नवीन साहू और प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
राउरकेला में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान फरार आरोपियों की लोकेशन ओडिशा में मिलने पर पुलिस टीम ने विधिवत अनुमति लेकर राउरकेला के सुंदरगढ़ जिले में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- सोनू सोनकर उर्फ टेनी (29 वर्ष), निवासी न्यू बस स्टैंड, मछली मार्केट, थाना प्लांट साइड, राउरकेला, ओडिशा।
- मोहम्मद इरफान अंसारी उर्फ झूले (19 वर्ष), निवासी मालगोदाम मदरसा, थाना उदित नगर, राउरकेला, ओडिशा।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को बिलासपुर लेकर पहुंची और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की अंतरराज्यीय कार्रवाई के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों और लूट की संपत्ति को लेकर भी जांच जारी है।


