भूमि सीमांकन रिपोर्ट जारी करने के एवज में मांगी थी रिश्वत, ओडिशा विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई
राउरकेला। ओडिशा विजिलेंस ने सुंदरगढ़ जिले के कुआरमुंडा तहसील अंतर्गत कालोसिहिरा सर्कल की राजस्व निरीक्षक (आरआई) अनीता जेना को भूमि सीमांकन रिपोर्ट जारी करने के बदले 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार को विजिलेंस टीम ने ट्रैप के दौरान की।
सीमांकन रिपोर्ट के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी पैतृक भूमि के सीमांकन के लिए कुछ महीने पहले आवेदन किया था। कई बार अनुरोध करने के बावजूद रिपोर्ट जारी नहीं की गई। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक अनीता जेना ने रिपोर्ट जारी करने के एवज में 4,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
विजिलेंस ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ी गईं
शिकायत मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान अनीता जेना को शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर जब्त कर ली गई।
तीन ठिकानों पर चल रही तलाशी
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आय से अधिक संपत्ति (DA) के पहलू की जांच के तहत अनीता जेना से जुड़े तीन स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में राउरकेला विजिलेंस थाना में केस नंबर 05/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




