बिलासपुर प्रधान डाकघर में शुरू हुई “नाइट पोस्ट ऑफिस” सुविधा, अब रात 8 बजे तक मिलेंगी सेवाएं

Advertisement

बिलासपुर। भारतीय डाक विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर प्रधान डाकघर में “नाइट पोस्ट ऑफिस (NPO)” सेवा शुरू कर दी है। 10 मई 2026 से लागू इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक रात 8 बजे तक विभिन्न डाक सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

कार्यालयीन समय के बाद भी मिलेंगी डाक सेवाएं

डाक विभाग के अनुसार, सामान्य काउंटर का संचालन सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पूर्ववत रहेगा। इस दौरान डाक बुकिंग, बचत बैंक सेवाएं, बीमा सेवाएं, कैश रेमिटेंस, आधार और अन्य जनहित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

वहीं “नाइट पोस्ट ऑफिस” सुविधा के तहत विस्तारित समय में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक तथा शाम 4:30 बजे से रात 8 बजे तक विशेष सेवाएं संचालित की जाएंगी।

इन सेवाओं का मिलेगा लाभ

नाइट पोस्ट ऑफिस के दौरान नागरिकों को स्पीड पोस्ट, स्पीड पोस्ट पार्सल, इंडिया पोस्ट पार्सल, अन्य अकाउंटेबल आर्टिकल बुकिंग और आईपीओ बिक्री जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा सीमित अन्य डाक सेवाएं भी संचालित रहेंगी।

रविवार और छुट्टी के दिन भी खुला रहेगा डाकघर

डाक विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी बिलासपुर प्रधान डाकघर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सेवाएं देता रहेगा, जिससे लोगों को अधिक सुविधा मिल सके।

नागरिकों से अधिक उपयोग की अपील

भारतीय डाक विभाग ने नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और ग्राहकों से अपील की है कि वे विस्तारित समयावधि में उपलब्ध इन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और इंडिया पोस्ट की जनोपयोगी सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Share This Article