अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
अधिवेशन में चुनाव के बाद पदाधिकारियों की घोषणा, पेंशन और मेडिकल सुविधाओं सहित कई मुद्दों पर हुई चर्चा
बिलासपुर। सेवानिवृत्त कोयला खदान मजदूर संघ के एसईसीएल जोन, बिलासपुर का अधिवेशन संगठनात्मक बदलाव और सेवानिवृत्त श्रमिकों की लंबित समस्याओं पर चर्चा के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई जोनल कार्यसमिति का गठन किया गया।
चंचल कुमार मित्रा अध्यक्ष, बुद्धि सागर साहू बने महामंत्री
राष्ट्रीय मंत्री एवं निर्वाचन अधिकारी शंकर प्रसाद कुंडू की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसके बाद नई कार्यसमिति के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। चंचल कुमार मित्रा को अध्यक्ष, बुद्धि सागर साहू को महामंत्री, योगेश बाबू कंवर को कोषाध्यक्ष तथा विजेश कुमार पासवान को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा उप महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, संगठन मंत्री और कार्यालय मंत्री समेत अन्य पदों के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन किया गया।
ग्रेच्युटी और मेडिकल भुगतान में समानता की मांग
अधिवेशन में सेवानिवृत्त कोयला श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने ग्रेच्युटी और मेडिकल भुगतान में कथित असमानता को समाप्त कर सभी सेवानिवृत्त श्रमिकों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
पेंशन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। संघ की ओर से पेंशन गणना में एसडीए को शामिल करने, प्रत्येक तीन वर्ष में पेंशन की समीक्षा करने और लंबित बकाया राशि का भुगतान जल्द करने की मांग उठाई गई।
खाली आवासों के आवंटन में प्राथमिकता की मांग
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण के साथ खाली क्वार्टरों के आवंटन में सेवानिवृत्त श्रमिकों को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए आवश्यकता पड़ने पर कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और कोयला मंत्रालय के समक्ष भी मुद्दों को मजबूती से रखा जाएगा।
राष्ट्रीय पदाधिकारी भी रहे मौजूद
अधिवेशन में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह, महामंत्री शंभू विश्वकर्मा, मंत्री शंकर कुंडू सहित विभिन्न पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जोनल महामंत्री बुद्धि सागर साहू ने किया। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम अवतार अलगामकर ने भी सभा को संबोधित किया।
नई जोनल कार्यसमिति के गठन के साथ ही सेवानिवृत्त कोयला श्रमिकों की लंबित मांगों को आगे उठाने और उनके समाधान के लिए संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।


