अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सूने मकान से करीब 33 हजार रुपये से भरी गुल्लक चोरी, एक बालिग आरोपी गिरफ्तार और नाबालिग साथी पर कार्रवाई
रतनपुर (बिलासपुर)। पड़ोस के सूने मकान को निशाना बनाकर गुल्लक चोरी करने वाले दो युवकों को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। आरोपियों ने गुल्लक में रखे करीब 33 हजार रुपये चोरी करने के बाद उसी रकम से नए मोबाइल फोन खरीद लिए थे। पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

घर लौटने पर गायब मिली गुल्लक
ग्राम मदनपुर निवासी नीलम श्यामले के घर में चोरी की घटना सामने आई। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और वहां रखी गुल्लक गायब थी। गुल्लक में करीब 33 हजार रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई। शिकायत मिलने के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पड़ोस में रहने वाले युवक पर पुलिस को हुआ शक
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदेह की दिशा घर के पास रहने वाले 19 वर्षीय गौरव श्यामले की ओर गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने नाबालिग साथी के साथ चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
दरवाजा धक्का देकर खोला, गुल्लक तोड़कर बांटे रुपये
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मकान सूना देखकर उन्होंने दरवाजा धक्का देकर खोल लिया। इसके बाद घर के अंदर रखी गुल्लक चोरी कर उसे तोड़ दिया और उसमें मौजूद रकम आपस में बांट ली। चोरी के पैसों से दोनों ने नया मोबाइल फोन खरीदा और बची रकम खर्च कर दी।
चोरी की रकम से खरीदे मोबाइल फोन जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के पैसों से खरीदे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिए हैं। बालिग आरोपी गौरव श्यामले को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल नाबालिग के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
रतनपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका
मामले के त्वरित खुलासे में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सउनि पवन सिंह तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और धनराज कुम्भकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


